NST NEWS, इंदौर। आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में जेकेसी स्पोर्ट्स के स्वामित्व वाली ग्वालियर चीता ने एक बार फिर दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया, लेकिन रोमांचक मुकाबले में जबलपुर रॉयल लायंस के खिलाफ तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ग्वालियर चीता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 185 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
टीम की ओर से कुलदीप गेही ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 57 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उन्होंने कप्तान रजत पाटीदार के साथ 80 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। युवा बल्लेबाज पार्थ चौधरी ने भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 23 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली। कप्तान रजत पाटीदार ने 37 रन का योगदान दिया, जबकि अंत में अर्पित पटेल ने 12 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
गेंदबाजी में अनुभाव अग्रवाल ने दो विकेट झटके। वहीं वरुण शिंदे और आकाश रघुवंशी ने एक-एक विकेट लेकर मुकाबले को अंत तक रोमांचक बनाए रखा। हालांकि, जबलपुर रॉयल लायंस ने लक्ष्य हासिल करते हुए मैच तीन विकेट से अपने नाम कर लिया। इस हार के बावजूद ग्वालियर चीता की प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार हैं। टीम ने अब तक आठ मुकाबलों में तीन जीत दर्ज की हैं और लीग चरण के दो मैच अभी बाकी हैं। ग्वालियर चीता का अगला मुकाबला 23 जून को इंदौर पिंक पैंथर्स से और 24 जून को रॉयल निमाड़ ईगल्स से होगा। इन दोनों मैचों में जीत दर्ज कर टीम नॉकआउट चरण में जगह बनाने की कोशिश करेगी।
गौरतलब है कि ग्वालियर चीता मध्य प्रदेश लीग की मजबूत टीमों में गिनी जाती है और पिछले दो सीजन में फाइनल में पहुंचने से बेहद करीब रह गई थी। इस बार भी टीम अंतिम लीग मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर प्लेऑफ में जगह बनाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।


