एनएसटी न्यूज, इंदौर। आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में जेकेसी स्पोर्ट्स के स्वामित्व वाली ग्वालियर चीता टीम का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूट गया। मंगलवार को होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंदौर पिंक पैंथर्स ने ग्वालियर चीता को वीजेडी (VJD) पद्धति के तहत 38 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

हार के बावजूद ग्वालियर चीता के सलामी बल्लेबाज कार्तिक परिहार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 71 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। शुरुआती झटकों के बाद कार्तिक ने पारी को संभाला और कप्तान रजत पाटीदार के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। पाटीदार ने मात्र 19 गेंदों में 37 रन की तेज पारी खेली। इसके बावजूद टीम 17.1 ओवर में 157/7 रन ही बना सकी।
इससे पहले इंदौर पिंक पैंथर्स ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ग्वालियर की ओर से आकाश रघुवंशी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दो विकेट लिए, जबकि कार्तिक परिहार ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
इस हार के साथ ग्वालियर चीता की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गईं। हालांकि पूरे टूर्नामेंट में टीम ने कई मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी क्षमता का परिचय दिया। अब टीम 24 जून को रॉयल निमाड़ ईगल्स के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी और जीत के साथ अपने अभियान का समापन करने का प्रयास करेगी। गौरतलब है कि रजत पाटीदार की कप्तानी वाली ग्वालियर चीता टीम पिछले दो सत्रों में फाइनल में पहुंचने से मामूली अंतर से चूकी थी और इस बार भी टीम ने कई प्रभावशाली प्रदर्शन किए।


