जूनियर पुरुष हॉकी टीम जुलाई में बेल्जियम दौरे पर, यूरोप की चार मजबूत टीमों से खेलेगी छह मुकाबले

0

नई दिल्ली.  भारतीय जूनियर (अंडर-21) पुरुष हॉकी टीम जुलाई में बेल्जियम के एक्सपोजर दौरे पर जाएगी। इस दौरान टीम ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड जैसी यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ छह मुकाबले खेलेगी। नए मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज के मार्गदर्शन में यह टीम का पहला विदेशी दौरा होगा। इस दौरे का उद्देश्य इस वर्ष होने वाले जूनियर पुरुष एशिया कप की तैयारियों को मजबूत करना है।  भारतीय टीम 7 और 8 जुलाई को ऑस्ट्रिया के खिलाफ अपने पहले दो मुकाबले खेलेगी। इसके बाद 10 जुलाई को मेजबान बेल्जियम से भिड़ेगी। 13 जुलाई को जर्मनी, 14 जुलाई को एक बार फिर बेल्जियम और 17 जुलाई को नीदरलैंड के खिलाफ अंतिम मुकाबला खेलेगी। छह में से पांच मैच बेल्जियम के वावरे स्थित बेल्फियस हॉकी एरिना में होंगे, जबकि अंतिम मैच एंटवर्प स्थित हॉकी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा।  कोच फ्रेडरिक सोयेज ने कहा कि वह इस दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनके अनुसार यह खिलाड़ियों को करीब से समझने, टीम में तालमेल बढ़ाने और भविष्य की रणनीति की मजबूत नींव रखने का बेहतरीन अवसर है। उन्होंने कहा कि यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबले खिलाड़ियों की मौजूदा क्षमता का आकलन करने के साथ-साथ दबाव में प्रदर्शन करने और अपनी खेल रणनीति को परखने का मौका देंगे। यह दौरा जूनियर एशिया कप से पहले भारतीय टीम के लिए अहम तैयारी साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here