वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद का फिर धमाका, 119 गेंदों में 168 रन की विस्फोटक पारी

0

समस्तीपुर। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी शानदार बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है। महज 10 साल की उम्र में आशीर्वाद ने समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट में 119 गेंदों पर 168 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस यादगार पारी में 19 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। आशीर्वाद ने अपनी इस शानदार पारी की जानकारी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए साझा की। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत ऋषभ-11 ने स्थानीय मुकाबले में वैशाली-11 को हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह इस महीने आशीर्वाद का दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने समस्तीपुर में खेले गए एक प्रैक्टिस मैच में ताजपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से खेलते हुए 87 गेंदों में 103 रन बनाए थे। लगातार दो शतकीय पारियों ने उन्हें बिहार क्रिकेट के उभरते हुए युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।

पिता का सपना, दोनों बेटे बनें बड़े क्रिकेटर

आशीर्वाद के पिता संजीव सूर्यवंशी पहले ही कह चुके हैं कि वह अपने छोटे बेटे को भी अगले दो वर्षों में बड़े भाई वैभव की तरह एक बेहतरीन क्रिकेटर बनाना चाहते हैं। आशीर्वाद फिलहाल बिहार में नियमित रूप से क्रिकेट प्रशिक्षण ले रहे हैं। आशीर्वाद के पहले शतक के बाद संजीव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा था कि उनके छोटे बेटे ने अपना पहला शतक बनाया है और सभी से उसे भी वैसा ही प्यार और आशीर्वाद देने की अपील की थी जैसा वैभव को मिलता है।

तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं आशीर्वाद

वैभव सूर्यवंशी तीन भाइयों में बीच के हैं। सबसे बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी हैं, जबकि सबसे छोटे आशीर्वाद सूर्यवंशी हैं। माता आरती सूर्यवंशी और पिता संजीव सूर्यवंशी ने दोनों बेटों के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आशीर्वाद दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जबकि वैभव बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। हालांकि दोनों की बल्लेबाजी शैली काफी मिलती-जुलती है। आशीर्वाद भी अपने बड़े भाई की तरह आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं और शानदार टाइमिंग, बेहतरीन शॉट चयन तथा लंबी हिट लगाने की क्षमता के लिए पहचाने जाते हैं।

वैभव ने बनाई है नई पहचान

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इस समय भारतीय क्रिकेट का सबसे चर्चित युवा चेहरा हैं। हाल ही में उनका चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में हुआ है। इसके अलावा उन्हें एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम में जगह मिली है। महज 15 वर्ष 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चुने जाकर वैभव भारत के सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

हाल ही में बनाया था सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड

तीन दिन पहले वैभव सूर्यवंशी ने इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में सिर्फ 11 गेंदों पर अर्धशतक जड़कर 50 ओवर क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 29 गेंदों पर 94 रन की धमाकेदार पारी खेली और इंडिया-ए को 66 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

IPL 2026 में भी रहे सबसे बड़े स्टार

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। उन्हें मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी का पुरस्कार भी मिला। इसी सीजन उन्होंने केवल 36 गेंदों में शतक लगाकर नया रिकॉर्ड भी बनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here