एनएसटी न्यूज, भोपाल। भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिला 800 मीटर दौड़ में मध्यप्रदेश की खिलाड़ी पूजा ओल्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया और साथ ही एशियन गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया। SAI NCOE भोपाल की इस एथलीट ने कठिन और उमस भरी परिस्थितियों में 2:04.37 सेकंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। पूरे रेस में उनकी रणनीति, स्टैमिना और फिनिशिंग स्पीड बेहतरीन रही, जिससे वे पोडियम तक पहुंचने में सफल रहीं। पूजा ओल्ला का यह प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार चल रहे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम माना जा रहा है। SAI NCOE भोपाल के कोचिंग और स्पोर्ट्स साइंस टीम का भी इसमें अहम योगदान बताया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर SAI CRC भोपाल के रीजनल डायरेक्टर अभिषेक सिंह चौहान ने बधाई दी और आगामी एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं दीं। इस सफलता के साथ पूजा ओल्ला ने न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक मजबूत दावेदारी पेश की है।


