लंदन. भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग 2025-26 के अपने अंतिम मुकाबले में इंग्लैंड को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराकर शानदार अंदाज में अभियान का समापन किया। निर्धारित 60 मिनट का मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद भारत ने शूटआउट में बाजी मारकर बोनस अंक हासिल किया। इस जीत के साथ भारत ने 16 मैचों में 19 अंक जुटाए और अंकतालिका में आठवें स्थान पर रहते हुए अपना अभियान समाप्त किया। स्पेन के भी 19 अंक रहे, लेकिन अधिक जीत (5) होने के कारण वह सातवें स्थान पर रहा, जबकि भारत ने चार मुकाबले जीते।
मैच के शुरुआती तीन क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने के लिए संघर्ष करती रहीं। भारतीय गोलकीपर मोहित एचएस ने शुरुआती चरण में शानदार बचाव कर इंग्लैंड को बढ़त लेने से रोका। अंतिम क्वार्टर में इंग्लैंड ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन इस बार गोलकीपर सूरज करकेरा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय रक्षा पंक्ति के साथ मिलकर गोल नहीं होने दिया। शूटआउट में भारत की ओर से अभिषेक, शिलानंद लकड़ा और हार्दिक सिंह ने गोल किए, जबकि सुखजीत सिंह और दिलप्रीत सिंह अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके। इंग्लैंड के लिए केवल जैक वॉलेस और डेविड गुडफील्ड ही गोल कर पाए। भारतीय गोलकीपर मोहित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड के तीन खिलाड़ियों के प्रयास विफल कर दिए।
यूरोप दौरे में भारतीय टीम का प्रदर्शन संतोषजनक रहा। टीम ने आठ मुकाबलों में चार जीत दर्ज की, दो मैच ड्रॉ खेले और दो में हार का सामना किया। इससे पहले घरेलू चरण में भारत बेल्जियम और अर्जेंटीना के खिलाफ अपने चारों मुकाबले हार गया था। इस सीजन में बेल्जियम ने 39 अंकों के साथ एफआईएच प्रो लीग का खिताब अपने नाम किया और साथ ही लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। वहीं पाकिस्तान लगातार 16 मैच हारकर अंतिम स्थान पर रहा और उसे एफआईएच नेशंस कप में रेलीगेट कर दिया।


