ऑस्ट्रेलिया आठवीं बार विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में, वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया

0

लंदन। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में जगह बना ली। द ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 125 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने बेथ मूनी की शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत केवल 13 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अब 5 जुलाई को लॉर्ड्स में होने वाले फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत से ही वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। कप्तान हेली मैथ्यूज ने 30 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। 16वें ओवर तक वेस्टइंडीज का स्कोर 83 रन पर छह विकेट हो गया था। अंत में डेंड्रा डॉटिन ने 16 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर टीम का स्कोर 125 तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान सोफी मोलिन्यूक्स, एश्ले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम ने दो-दो विकेट लिए, जबकि एनाबेल सदरलैंड को एक सफलता मिली।

126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को बेथ मूनी और जॉर्जिया वॉल ने तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि शुरुआती दो विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन बेथ मूनी ने एक छोर संभाले रखा। एलिस पेरी चोट के कारण केवल दो रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गईं, जिससे कुछ देर के लिए ऑस्ट्रेलियाई खेमे में चिंता बढ़ी। इसके बाद एश्ले गार्डनर बल्लेबाजी के लिए उतरीं और उन्होंने मूनी के साथ तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 36 गेंदों में 63 रन की नाबाद साझेदारी कर मैच एकतरफा बना दिया।

बेथ मूनी ने 36 गेंदों में नाबाद 61 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहीं। एश्ले गार्डनर ने 20 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने सात ओवर शेष रहते जीत दर्ज कर अपने खिताब की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाया। अब टीम की नजर सातवें विमेंस टी-20 विश्व कप खिताब पर होगी, जबकि वेस्टइंडीज का शानदार सफर सेमीफाइनल में समाप्त हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here