एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) ने रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के खिलाफ श्रीनगर में होने वाले अभ्यास मैचों के लिए इमर्जिंग टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में भोपाल की विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के उभरते तेज गेंदबाज अनिमेष सिंह का चयन हुआ है। यह दौरा 7 से 21 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसमें मध्यप्रदेश की टीम चार अभ्यास मैच खेलेगी। चयन के बाद अनिमेष सिंह ने मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान मंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आत्मविश्वास और पूरी मेहनत के साथ प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं। एमपीसीए इमर्जिंग टीम में भोपाल के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें अनिमेष सिंह, पृथ्वीराज सिंह तोमर, तनिष्क यादव और तनमय पांडे शामिल हैं। पहले दो अभ्यास मैचों के लिए खिलाड़ियों को 3 जुलाई को होलकर स्टेडियम, इंदौर में रिपोर्ट करना होगा, जबकि अंतिम दो मैचों के लिए 12 जुलाई को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर जैसी मजबूत टीम के खिलाफ ये मुकाबले खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के साथ आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र की तैयारी में भी महत्वपूर्ण साबित होंगे।


