एनएसटी न्यूज, भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित टैलेंट सर्च 2026-27 प्रदेश की नई खेल प्रतिभाओं को तलाशने का बड़ा अभियान बनकर उभरा है। राज्यभर में आयोजित चयन ट्रायल्स में हजारों बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। इस अभियान के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को राज्य खेल अकादमियों में आधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

अब तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में शूटिंग, पुरुष एवं महिला हॉकी, स्लालम, बैडमिंटन, घुड़सवारी, तीरंदाजी, जूडो, रोइंग, कुश्ती और फेंसिंग सहित कई खेलों के चयन ट्रायल्स सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। चयन प्रक्रिया अनुभवी प्रशिक्षकों और विशेषज्ञ चयनकर्ताओं की निगरानी में निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न की जा रही है, जिसमें खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और खेल कौशल का मूल्यांकन किया जा रहा है।

विभाग के अनुसार आगामी दिनों में एथलेटिक्स, ट्रायथलॉन, बॉक्सिंग, क्याकिंग एवं केनोइंग, बैडमिंटन, पुरुष एवं महिला हॉकी, तीरंदाजी और ताइक्वांडो सहित विभिन्न खेलों के चयन ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सागर, उज्जैन, नर्मदापुरम, शिवपुरी, गुना, बैतूल, कटनी, झाबुआ, धार, बड़वानी, मंडला और अलीराजपुर सहित कई जिलों में यह अभियान चल रहा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी समान अवसर मिल रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खिलाड़ियों, अभिभावकों, विद्यालयों और खेल संस्थाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित चयन ट्रायल्स में अधिक से अधिक भागीदारी करें। विभाग का मानना है कि टैलेंट सर्च 2026-27 केवल चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


