नई दिल्ली : मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया। टेक्सास सुपर किंग्स को जीत के लिए अंतिम ओवर में 15 रन चाहिए थे, लेकिन शनाका ने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उनके इस यादगार स्पेल की बदौलत सिएटल ऑर्कस ने टेक्सास सुपर किंग्स को 9 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
जीत के लिए 122 रन का पीछा करते हुए टेक्सास सुपर किंग्स ने आखिरी ओवर में 107 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। डोनोवन फरेरा और शुभम रंजना क्रीज पर थे। फरेरा ने 19वें ओवर में एक चौका और एक छक्का लगाया था। फिर रंजना ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर शनाका को चौका जड़ा, जिससे पांच गेंदों पर 11 रन चाहिए थे।
फरेरा से डी सिल्वा तक, शनाका ने चार गेंदों में बिखेरा बल्लेबाजी क्रम
दो गेंद बाद फरेरा एक धीमी गेंद पर आउट हो गए। फिर केल्विन सैवेज लॉन्ग-ऑन पर कैच आउट हुए। एडम मिल्ने ने हैट्रिक गेंद का सामना किया और बड़े शॉट के प्रयास में आउट हो गए। शनाका ने आखिरी गेंद पर अमशी डी सिल्वा को शिमरोन हेटमायर के हाथों कैच करा दिया।


