नई दिल्ली : महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड का दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना टूट गया। रविवार (5 जुलाई) को घरेलू सरजमीं पर उसे टूर्नामेंट में पहली हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले इंग्लैंड ने अपने घर में खेले गए महिला टी20 विश्व कप के 12 मुकाबलों में 11 जीत दर्ज की थीं, लेकिन मेजबान के रूप में उसे पहली बार हार मिली। ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड के विजय अभियान पर विराम लगाया और रिकॉर्ड सातवीं बार महिला टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया तीसरी बार पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच गंवाए बिना चैंपियन बनने में सफल रहा।
बेथ मूनी के नाम दर्ज हुई बड़ी उपलब्धि
मूनी टी20 वर्ल्ड कर फाइनल (2023 और 2026) में दो बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाली पहली खिलाड़ी हैं। मार्लन सैमुअल्स पुरुषों (2012 और 2016) में दो बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले अकेले खिलाड़ी हैं। मूनी महिला टी20 विश्व कप के एक संस्करण में फाइनल की प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट खिताब जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी बनीं। 2024 में अमेलिया केर भी फाइनल की प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रही थीं।



