नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया ने रविवार (5 जुलाई) को इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार महिला टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड की डैनी व्याट हॉज के बल्ले से निकले, जिन्होंने 302 रन बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी 238 रन के साथ दूसरे, जबकि इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट तीसरे स्थान पर रहीं। शीर्ष-10 बल्लेबाजों की सूची में भारत की दो खिलाड़ी भी शामिल रहीं। स्मृति मंधाना ने 205 रन बनाकर अपनी छाप छोड़ी, जबकि शेफाली वर्मा ने 179 रन के साथ टॉप-10 में जगह बनाई।
गेंदबाजों की सूची में भारत की युवा स्पिनर श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 15 विकेट अपने नाम किए। इंग्लैंड की सोफी मोलिन्यू और पाकिस्तान की फातिमा सना 11-11 विकेट के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन, वेस्टइंडीज़ की हेली मैथ्यूज और इंग्लैंड की शार्लेट डीन ने 10-10 विकेट लेकर शीर्ष गेंदबाजों की सूची में अपनी जगह बनाई।


