अस्मिता लीग साउथ ज़ोन कैनोइंग एवं कयाकिंग चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश ओवरऑल चैंपियन, 38 पदकों के साथ शानदार प्रदर्शन

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य कैनोइंग एवं कयाकिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने 4 से 5 जुलाई 2026 तक आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित गंबरमगेड्डा रिजर्वायर में आयोजित अस्मिता लीग साउथ ज़ोन कैनोइंग एवं कयाकिंग चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को ओवरऑल चैंपियन बना दिया। मध्यप्रदेश ने कुल 38 पदक जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 16 स्वर्ण, 17 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। लगातार बेहतर तकनीक, अनुशासन और कड़े प्रशिक्षण का परिणाम रहा कि मध्यप्रदेश ने अन्य राज्यों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान अपने नाम किया।

यह उपलब्धि मध्यप्रदेश राज्य कैनोइंग एवं कयाकिंग अकादमी में उपलब्ध उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत को दर्शाती है। खिलाड़ियों ने हर स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की खेल प्रतिभा का परिचय दिया। इस सफलता के साथ मध्यप्रदेश ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत खेल पहचान दर्ज कराई है। अस्मिता लीग जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन बनना राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इससे यह भी साबित होता है कि प्रदेश में जलक्रीड़ा (वाटर स्पोर्ट्स) में लगातार बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here