मलेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी मध्यप्रदेश की गौरांशी शर्मा, एशिया पैसिफिक डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य बैडमिंटन अकादमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी गौरांशी शर्मा का चयन मलेशिया में आयोजित होने वाली एशिया पैसिफिक डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। ग्वालियर बैडमिंटन अकादमी की गौरांशी इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन से प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर है। गौरांशी शर्मा ने अपने अनुशासन, समर्पण और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में स्थान बनाया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि मध्यप्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है।

मलेशिया में आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के कई देशों के श्रवण बाधित (डेफ) खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में भारत की ओर से खेलना गौरांशी के लिए बड़ी उपलब्धि है। उनसे बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने की उम्मीद की जा रही है। गौरांशी का चयन इस बात का प्रमाण है कि मध्यप्रदेश में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का लाभ मिल रहा है। राज्य बैडमिंटन अकादमी और ग्वालियर बैडमिंटन अकादमी में मिले प्रशिक्षण ने उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रहे हैं, जिसमें गौरांशी का चयन एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

गौरांशी शर्मा की सफलता प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों, विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित किया है कि कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी चुनौती को पार कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है। उनकी उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देगी। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गौरांशी शर्मा को भारतीय टीम में चयनित होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here