नई दिल्ली : ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 125 रन से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। रनों के लिहाज से यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी हार रही। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में 2-0 की महत्वपूर्ण बढ़त भी बना ली। टी20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम पूरी तरह बिखरी नजर आई, जिसके कारण उसे रिकॉर्ड हार का सामना करना पड़ा।
हमारे प्रदर्शन में कमी रही : श्रेयस अय्यर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत को इस तरह से मिली हार के बाद टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि मुझे लगता है कि यह बहुत ही खराब प्रदर्शन था। सच कहूं तो इससे बेहतर शब्द नहीं मिल सकता। इतने बड़े अंतर से हारना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। सबसे पहले मुझे लगता है कि हमें इस हार को स्वीकार करना होगा और पूरी तरह से फिर से योजना बनानी होगी कि हमने क्या गलत किया। विकेट को देखते हुए मुझे नहीं लगता कि यह 200 रन वाला विकेट था, लेकिन इसके अलावा जिस तरह से हमने बल्लेबाजी की हमने पावरप्ले में चार (पांच) विकेट गंवा दिए। मुझे लगता है कि उसी से मोमेंटम बना और निश्चित रूप से मुझे लगता है कि हमने वहीं मैच गंवा दिया। इसलिए हमें फिर से योजना बनानी होगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रेयस अय्यर ने आगे कहा कि ये हमारे लिए मजबूती से वापसी करने का एक शानदार मौका था। अतीत में जो हुआ उस पर ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। हमने निश्चित रूप से बहुत खराब क्रिकेट खेला है, लेकिन इससे बहुत कुछ सीखा भी है। खिलाड़ियों को यह सोचना होगा कि वे टीम के लिए कैसे असरदार प्रदर्शन करें या टीम के लिए मोमेंटम कैसे बनाएं। इसलिए हर खिलाड़ी को खुद सोचना होगा और देखना होगा कि वे मैच कैसे जीत सकते हैं और उस तरह की जिम्मेदारी कैसे उठा सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन इंग्लैंड ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 201 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई और केवल 11.4 ओवर में 76 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही भारत को 125 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह विफल रही और टीम ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अपना दूसरा सबसे कम स्कोर दर्ज किया। इंग्लैंड की जीत में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की अहम भूमिका रही। आर्चर ने तीन विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि टंग ने चार विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी।


