इंग्लैंड ने रचा इतिहास, भारत की सबसे बड़ी हार, पावरप्ले में ढहा शीर्ष क्रम

0

नई दिल्ली : श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का हार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इंग्लैंड ने मंगलवार (7 जुलाई) को खेले गए पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के तीसरे मुकाबले में भारत को 125 रन से करारी शिकस्त दी। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रन के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी हार साबित हुई। भारतीय टीम पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 से अधिक रन के अंतर से कोई मुकाबला हारी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 201 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई।

201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम पूरी तरह बिखर गई और महज 11.4 ओवर में 76 रन पर सिमट गई। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का दूसरा सबसे कम स्कोर रहा। भारतीय बल्लेबाजी की हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम ने पावरप्ले के छह ओवर के भीतर ही पांच विकेट गंवा दिए और छठे ओवर में हर्षित राणा को बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा। टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह पहला मौका था, जब भारत ने पावरप्ले के दौरान पांच विकेट खोए। टी20 विश्व कप खिताब जीतने के बाद से भारतीय टीम लगातार पांच मैचों में जीत दर्ज नहीं कर सकी है। इस दौरान उसे चार मुकाबलों में हार मिली, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का जीत के लिए सबसे लंबा इंतजार भी बन गया।

टी20 में भारत की सबसे बड़ी हार (रनों के हिसाब से)

125 रन से इंग्लैंड ने हराया, ट्रेंटब्रिज, 2026
80 रन से न्यूजीलैंड ने हराया, वेलिंगटन, 2019
76 रन से साउथ अफ्रीका ने हराया, अहमदाबाद, 2026
51 रन से साउथ अफ्रीका ने हराया, मुल्लनपुर, 2025
50 रन से न्यूजीलैंड ने हराया, विशाखापत्तनम, 2026

टी20 में भारत के सबसे कम स्कोर

74 बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न, 2008
76 बनाम इंग्लैंड, ट्रेंटब्रिज, 2026
79 बनाम न्यूजीलैंड, नागपुर, 2016
92 बनाम साउथ अफ्रीका, कटक, 2015
101 बनाम श्रीलंका, पुणे, 2016
102 बनाम जिम्बाब्वे, हरारे, 2024

भारत की जीत के लिए सबसे लंबा इंतजार

5* – जून 2026 – जुलाई 2026 (4 हार, 1 NR)
4 – जून 2009 – दिसंबर 2009 (4 हार)
4 – जुलाई 2021 – अक्टूबर 2021 (4 हार)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here