नई दिल्ली : इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने सात गेंदों में एक छक्के की मदद से 10 रन बनाए। उनकी पारी भले ही लंबी नहीं चली, लेकिन इस एक छक्के के साथ उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआती 50 पारियों में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में सूर्यकुमार यादव के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
दूसरी ओर, इशान किशन भी बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे और नौ गेंदों में एक चौका व एक छक्का लगाकर 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस एक छक्के ने उन्हें भी टी20 अंतरराष्ट्रीय की पहली 50 पारियों में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में युवराज सिंह के बराबर ला खड़ा किया। खास बात यह रही कि यह मुकाबला अभिषेक शर्मा और इशान किशन, दोनों के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की 50वीं पारी था।
अभिषेक ने सूर्यकुमार की कर ली बराबरी
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में एक छक्का जड़ते ही भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पहली 50 पारियों में भारत की ओर से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दोनों संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव, दोनों ने अपनी शुरुआती 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 104-104 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा इस चरण में सबसे ज्यादा हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में इशान किशन ने भी एक छक्का जड़कर खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। इसके साथ ही वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पहली 50 पारियों में भारत की ओर से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में युवराज सिंह के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर पहुंच गए। इशान किशन और युवराज सिंह, दोनों ने अपनी शुरुआती 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 71-71 छक्के लगाए हैं। इस सूची में तिलक वर्मा 75 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि केएल राहुल 70 छक्कों के साथ अगले स्थान पर मौजूद हैं।
T20I की पहली 50 पारियों में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-4 बैटर
104: अभिषेक शर्मा
104: सूर्यकुमार यादव
75: तिलक वर्मा
71: ईशान किशन
71: युवराज सिंह
70: केएल राहुल


