IND vs ENG: सीरीज बचाने के लिए भारत को सुधारनी होंगी ये 3 बड़ी गलतियां

0

नई दिल्ली : भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार 9 जुलाई 2026 को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस समय सीरीज में 0-2 से पीछे चल रही है। सीरीज का पहला टी20 मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था, जबकि दूसरे और तीसरे मैच में टीम इंडिया को लगातार हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में चौथा टी20 भारतीय टीम के लिए बेहद अहम हो गया है, क्योंकि सीरीज में बने रहने के लिए उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

अगर भारत चौथा टी20 मुकाबला हार जाता है तो उसके हाथ से सीरीज निकल जाएगी। वहीं, इस मैच में जीत हासिल करने पर टीम इंडिया सीरीज में अपनी उम्मीदें बरकरार रख सकेगी और पांचवें मुकाबले में बराबरी करने का मौका मिलेगा। सीरीज में पहली जीत दर्ज करने के लिए भारतीय टीम को अपनी कुछ बड़ी कमियों पर काम करना होगा। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव, खिलाड़ियों की भूमिका में स्पष्टता और मैच के अहम मौकों पर बेहतर फैसले लेना टीम के लिए बेहद जरूरी होगा। आइए जानते हैं वे तीन गलतियां, जिनमें सुधार करके भारत वापसी कर सकता है।

बल्लेबाजी क्रम में स्थिरता की जरूरत, प्रयोग पड़ रहे भारी

भारतीय टीम को बल्लेबाजी क्रम में लगातार फेरबदल करना काफी महंगा पड़ा है। तीसरे टी20 में भी तिलक वर्मा से ऊपर बल्लेबाजी करने के लिए अक्षर पटेल को भेजा गया था, जबकि शिवम दुबे से पहले हर्षित राणा बल्लेबाजी करने पहुंचे थे। यह फेरबदल टीम इंडिया को खासा भारी पड़ा था और पूरी टीम महज 76 रन बनाकर ढेर हो गई थी। बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव के कारण बल्लेबाजों को अपने रोल समझने में साफतौर पर दिकक्तों का सामना करना पड़ा है।

पावरप्ले में विकेट दिलाने होंगे तेज गेंदबाज

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टीम इंडिया को अगर सीरीज में वापसी करनी है तो तेज गेंदबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने घरेलू परिस्थितियों का अब तक भरपूर फायदा उठाया है। हालांकि, भारतीय गेंदबाज इन परिस्थितियां का इस्तेमाल करने में नाकाम रहे हैं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में तेज गेंदबाज इस सीरीज में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं। तीसरे टी20 में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर भी प्रिंस यादव को छोड़कर बाकी भारतीय गेंदबाज छाप छोड़ने में नाकाम रहे थे। अर्शदीप सिंह इस सीरीज में सिर्फ तीन विकेट ही निकाल पाए हैं। उनकी इकॉनमी भी 9.50 रही है। हर्षित राणा ने 10 की इकॉनमी से रन दिए हैं।

मध्यक्रम को लेनी होगी जिम्मेदारी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत के लिए शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा ने इस सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन मध्यक्रम की कमजोरी टीम के लिए बड़ी चिंता बन गई है। कप्तान श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा और अक्षर पटेल अब तक बल्ले से अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं। वहीं, इशान किशन भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। ऐसे में चौथे टी20 मुकाबले में अगर भारत को इंग्लैंड को सीरीज जीतने से रोकना है, तो मध्यक्रम के बल्लेबाजों को जिम्मेदारी उठाते हुए बड़ी पारियां खेलनी होंगी। टीम की जीत के लिए मध्यक्रम का मजबूत प्रदर्शन बेहद जरूरी होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here