हम्बनटोटा. श्रीलंका अंडर-19 क्रिकेट टीम ने रोमांचक मुकाबले में भारत को एक विकेट से हराकर तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। 291 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 290 रन बनाए। टीम के लिए वीके विनीत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 136 गेंदों में 131 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। लक्ष्य रायचंदानी ने 61 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
291 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन सेनुजा वेकुनागोडा (67), कविजा गामगे (29) और किथमा विथानापथिराना (31) ने पारी को संभाला। आखिर में चमिका हीनातिगला ने 68 गेंदों में नाबाद 84 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।
आखिरी ओवर में पलटा मैच
श्रीलंका को अंतिम ओवर में जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और उसके नौ विकेट गिर चुके थे। चमिका हीनातिगला ने दूसरी गेंद पर चौका लगाया। बीच की दो गेंदें डॉट रहने से दबाव बढ़ा, लेकिन उन्होंने पांचवीं गेंद पर शानदार छक्का जड़कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर श्रीलंका ने एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर सीरीज भी 2-1 से अपने नाम कर ली। भारत की ओर से वीके विनीत का शतक जीत में नहीं बदल सका, जबकि श्रीलंका के गेंदबाज सेथमिका सेनेविरात्ने ने चार विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी पर अंकुश लगाया।


