एनएसटी न्यूज, भोपाल। हॉकी इंडिया ने महिला यूथ हॉकी-5 एशियाई चैंपियनशिप 2026 की तैयारियों के लिए 15 सदस्यीय सब जूनियर महिला समूह की घोषणा कर दी है। चयनित खिलाड़ी मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रही हैं। यह शिविर 4 जुलाई से शुरू होकर 18 जुलाई तक चलेगा। इसके बाद भारतीय टीम ओमान के मस्कट में होने वाली महिला यूथ हॉकी-5 एशियाई चैंपियनशिप में भाग लेगी।

शिविर का संचालन भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर है। पहली बार सब जूनियर टीमें इस प्रारूप में खेलेंगी, इसलिए खिलाड़ियों को हॉकी-5 के तेज प्रारूप के अनुरूप तकनीकी और सामरिक रूप से तैयार किया जा रहा है। रानी ने मध्यप्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भोपाल में इस तरह के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण शिविर भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और भारतीय हॉकी की मजबूत प्रतिभा श्रृंखला तैयार करने में मददगार साबित हो रहे हैं।
हाल के वर्षों में भोपाल भारतीय हॉकी के हाई-परफॉर्मेंस सेंटर के रूप में उभरा है। यहां इससे पहले सब जूनियर राष्ट्रीय शिविर और अंडर-18 एशिया कप की तैयारियों के लिए भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी युवा खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध करा रही है। हॉकी इंडिया के अनुसार यह शिविर खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, फिटनेस, सामरिक समझ और हॉकी-5 के तेज प्रारूप के अनुरूप कौशल विकसित करने पर केंद्रित है। इसी वर्ष आयोजित अंडर-18 एशिया कप की तैयारियों के लिए भी हॉकी इंडिया ने लंबा राष्ट्रीय शिविर आयोजित किया था, जिसमें भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक जीता था।
भोपाल शिविर के लिए चयनित खिलाड़ी:
रश्मीन कौर, रुबीना बक्सला, नैन्सी सरोहा, पुष्पा मांझी, खिली कुमारी, किरण एक्का, स्वीटी कुजूर, स्नेहा डावडे, नौशीन नाज, श्रुति कुमारी, नीलम टोपनो, प्रियंका मिंज, दीया, संदीपा कुमारी और महक परिहार।


