नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को जापान में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेल (ऐची-नागोया 2026) के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। हाल ही में न्यूजीलैंड में एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीतने वाली टीम की कप्तान सलीमा टेटे एक बार फिर टीम की कमान संभालेंगी। मुख्य कोच स्जोर्ड मारिन ने टीम चयन पर संतोष जताते हुए कहा कि टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है। उन्होंने विश्वास जताया कि हाल के महीनों में खिलाड़ियों ने शानदार फिटनेस और फॉर्म दिखाई है तथा टीम एशियाई खेलों की चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है।

गोलकीपर के रूप में हाल ही में पद्मश्री से सम्मानित सविता और बिचू देवी खरीबाम को टीम में जगह मिली है। रक्षापंक्ति में सुशीला चानू पुखरामबम, इशिका चौधरी, ज्योति, लालथांतलुआंगी और शिल्पी डबास शामिल हैं। लालथांतलुआंगी और शिल्पी ने एफआईएच नेशंस कप में सीनियर टीम से पदार्पण किया था और शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें एशियाई खेलों की टीम में भी शामिल किया गया है।मिडफील्ड की जिम्मेदारी कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग संभालेंगी। आक्रमण की जिम्मेदारी लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग पर होगी। मुख्य कोच मारिन ने कहा कि यह टीम हाल के प्रदर्शन के आधार पर चुनी गई है और उन्हें विश्वास है कि भारतीय महिला टीम एशियाई खेलों में पदक जीतने की प्रबल दावेदार होगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम (20 सदस्यीय):
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खरीबाम।
डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथांतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास।
मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग।
फॉरवर्ड: लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग।


