चेपॉक में पहली बार होगा बिग बैश लीग का उद्घाटन मुकाबला, 12 दिसंबर को रचा जाएगा इतिहास

0

मेलबर्न/चेन्नई। क्रिकेट इतिहास में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (BBL) का मुकाबला भारत में खेला जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान इस ऐतिहासिक पहल की घोषणा की। इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने BBL-16 (2026-27) का कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम (चेपॉक) स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के पहले मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स का सामना मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स से होगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 2:40 बजे शुरू होगा। यह बिग बैश लीग के 16 संस्करणों के इतिहास में पहला अवसर होगा, जब प्रतियोगिता का कोई आधिकारिक मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर आयोजित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व महिला क्रिकेटर लीसा स्टालेकर भी मौजूद रहीं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस आयोजन को भारतीय क्रिकेट बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने और बिग बैश लीग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहा है। भारत में मुकाबले का प्रसारण जियोस्टार पर होगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया में इसका सीधा प्रसारण सेवन, 7प्लस, कायो स्पोर्ट्स और फॉक्स क्रिकेट पर किया जाएगा।

इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां कई महीने पहले शुरू हो चुकी थीं। आईपीएल 2026 के दौरान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने चेपॉक स्टेडियम का निरीक्षण किया था। प्रतिनिधिमंडल ने पिच, स्टेडियम की सुविधाओं, सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स का आकलन करने के साथ बीसीसीआई और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों से भी चर्चा की थी। करीब 38 हजार दर्शकों की क्षमता वाला चेपॉक स्टेडियम भारत के सबसे पुराने क्रिकेट मैदानों में शामिल है। 1916 में स्थापित यह मैदान कई ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का गवाह रहा है और अब विदेशी क्रिकेट लीग के पहले आधिकारिक मैच की मेजबानी कर एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here