नई दिल्ली : टी20 क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रदर्शन भले ही चर्चा का विषय रहा हो, लेकिन 14 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला को लेकर भारतीय प्रशंसकों की उम्मीदें काफी ऊंची हैं। 14 से 19 जुलाई तक खेली जाने वाली इस श्रृंखला में सबसे अधिक नजरें अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली पर रहेंगी। इसकी बड़ी वजह यह है कि पिछले कुछ समय से दोनों दिग्गज लगातार एकदिवसीय क्रिकेट में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की बल्लेबाजी की सबसे मजबूत कड़ी बने हुए हैं।
आंकड़े भी इस बात की गवाही देते हैं। 2023 वनडे विश्व कप फाइनल (19 नवंबर 2023) के बाद से एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। वह शीर्ष-10 भारतीय बल्लेबाजों की सूची में इकलौते खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस अवधि में 1000 से अधिक रन बनाए हैं। विराट कोहली इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। एक ओर दोनों दिग्गजों के भविष्य और 2027 विश्व कप में उनकी भागीदारी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर ये आंकड़े साबित करते हैं कि रोहित शर्मा और विराट कोहली आज भी भारतीय एकदिवसीय क्रिकेट की सबसे मजबूत नींव और भरोसेमंद स्तंभ बने हुए हैं।
2023 वर्ल्ड कप के बाद सबसे ज्यादा ODI रन बनाने वाले भारतीय
| खिलाड़ी | मैच | पारियां | नाबाद | रन | उच्चतम स्कोर | औसत | सामना की गई गेंदें | स्ट्राइक रेट | 100s | 50s | 0s | 4s | 6s |
| रोहित शर्मा | 23 | 23 | 1 | 1011 | 121* | 45.95 | 962 | 105.09 | 2 | 7 | 0 | 113 | 40 |
| विराट कोहली | 19 | 19 | 3 | 949 | 135 | 59.31 | 974 | 97.43 | 4 | 5 | 2 | 82 | 17 |
| शुभमन गिल | 20 | 19 | 2 | 920 | 154 | 54.11 | 963 | 95.53 | 3 | 5 | 0 | 113 | 15 |
| श्रेयस अय्यर | 21 | 20 | 1 | 704 | 79 | 37.05 | 770 | 91.42 | 0 | 6 | 0 | 63 | 15 |
| केएल राहुल | 24 | 20 | 7 | 656 | 112* | 50.46 | 623 | 105.29 | 1 | 3 | 2 | 48 | 18 |
| अक्षर पटेल | 17 | 15 | 2 | 377 | 52 | 29 | 462 | 81.6 | 0 | 1 | 0 | 32 | 7 |
| यशस्वी जायसवाल | 6 | 6 | 2 | 285 | 116* | 71.25 | 292 | 97.6 | 2 | 0 | 0 | 34 | 7 |
| इशान किशन | 3 | 2 | 0 | 159 | 125 | 79.5 | 101 | 157.42 | 1 | 0 | 0 | 17 | 8 |
| रविंद्र जडेजा | 13 | 10 | 5 | 149 | 32 | 29.8 | 156 | 95.51 | 0 | 0 | 0 | 11 | 1 |
| वाशिंगटन सुंदर | 14 | 11 | 1 | 140 | 30 | 14 | 169 | 82.84 | 0 | 0 | 0 | 8 | 4 |
2023 विश्व कप के बाद भारत के लिए सबसे ज्यादा 24 एकदिवसीय मैच केएल राहुल ने खेले हैं और इस दौरान उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। विश्व कप फाइनल में उनकी धीमी पारी की आलोचना जरूर हुई थी, लेकिन उसके बाद न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखलाओं में मध्यक्रम में उन्होंने कई अहम पारियां खेलकर टीम को मजबूती दी। इसी निरंतर प्रदर्शन के दम पर केएल राहुल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर हैं। वहीं, इशान किशन ने केवल तीन एकदिवसीय मैच खेलकर भी शीर्ष-10 में जगह बनाकर अपनी प्रभावशाली बल्लेबाजी का परिचय दिया।


