नई दिल्ली : चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने 18 वर्षों का सफल साथ सोमवार, 13 जुलाई को आपसी सहमति से समाप्त कर दिया। फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में फ्रेंचाइजी ने कई यादगार उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन पिछले तीन सत्रों में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। सीएसके लगातार तीसरे सीजन आईपीएल प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही, जिसके बाद फ्लेमिंग के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। अंततः फ्रेंचाइजी ने नए दौर की शुरुआत की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नए मुख्य कोच की तलाश शुरू कर दी है।
मेजर लीग क्रिकेट 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की सिस्टर फ्रेंचाइजी टेक्सास सुपर किंग्स का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा और टीम अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही। इसके बाद फ्रेंचाइजी प्रबंधन ने स्टीफन फ्लेमिंग के साथ आगे नहीं बढ़ने का फैसला किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स के नए मुख्य कोच की तलाश में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि धोनी आईपीएल में अपना आखिरी मुकाबला खेल चुके हैं या वह आगामी सत्र में भी खिलाड़ी के रूप में टीम का हिस्सा बने रहेंगे।
धोनी करेंगे कोच पद के उम्मीदवारों का आकलन
फिलहाल धोनी ब्रिटेन में हैं। वह द हंड्रेड के इतर कुछ दावेदारों से मुलाकात कर सकते हैं। लोकल खिलाड़ियों की भूमिका अहम होने से इस बात की संभावना काफी प्रबल है कि फ्लेमिंग का उत्तारधिकारी कोई भारतीय हो। दिल्ली कैपिटल्स के कोच हेमंग बदानी का नाम चर्चा में है। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के प्रबंध निदेशक कासी विश्वनाथन ने इसका खंडन किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि कोच नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।
नए कोच के लिए विदेशी नामों पर भी मंथन
चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कासी विश्वनाथन ने कहा कि नए मुख्य कोच की तलाश में भारतीय और विदेशी दोनों उम्मीदवारों पर समान रूप से विचार किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “कोच चयन की शुरुआती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब हम संभावित विकल्पों का मूल्यांकन शुरू करेंगे। फिलहाल किसी भी नाम पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।” स्टीफन फ्लेमिंग की विदाई के साथ ही आईपीएल के इतिहास में सबसे लंबे और सबसे सफल कोचिंग कार्यकाल का समापन हो गया। फ्लेमिंग ने 2008 में पहले आईपीएल सीजन में सीएसके के लिए खिलाड़ी के रूप में खेला था और बाद में मुख्य कोच बनकर फ्रेंचाइजी को कई यादगार सफलताएं दिलाईं।
फ्लेमिंग के साथ शुरू हुआ था सीएसके का सुनहरा दौर
स्टीफन फ्लेमिंग ने 2009 सीजन से पहले केप्लर वेसल्स की जगह चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच का पद संभाला था। उनके नेतृत्व में फ्रेंचाइजी ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए और पांच आईपीएल तथा दो चैंपियंस लीग टी20 खिताब अपने नाम किए। हालांकि, 2023 सीजन के बाद महेंद्र सिंह धोनी द्वारा कप्तानी छोड़कर ऋतुराज गायकवाड़ को जिम्मेदारी सौंपने के बाद टीम का प्रदर्शन लगातार गिरा। इसके बाद लगातार तीन सीजन तक सीएसके प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी, जबकि 2025 में टीम अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही।


