नई दिल्ली : आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) ने जून महीने के लिए पुरुष और महिला वर्ग के ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ पुरस्कार के नामांकित खिलाड़ियों की घोषणा कर दी है। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को पुरुष वर्ग में, जबकि भारतीय महिला टीम की बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचरणी को महिला वर्ग में इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए नामित किया गया है। जून के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से गहरी छाप छोड़ी और अब वे अपने-अपने वर्ग में इस पुरस्कार के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
पुरुष वर्ग में शुभमन गिल के सामने बांग्लादेश के मोसद्देक हुसैन और न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ की चुनौती होगी। वहीं, महिला वर्ग में भारतीय स्पिनर श्रीचरणी का मुकाबला स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस और इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज से होगा। डैनी वायट-हॉज ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में सबसे अधिक रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था, जिससे वह इस सम्मान की प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।
शुभमन गिल (भारत)
भारतीय कप्तान शुभमन गिल के लिए जून का महीना बेहद यादगार रहा। उन्होंने महीने की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में शानदार 126 रन की शतकीय पारी खेलकर की, जिसकी बदौलत भारत ने पारी और बड़े अंतर से जीत दर्ज की। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां शतक था, जिसमें उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया। अपनी इस पारी में गिल ने शानदार तकनीक, संयम और आकर्षक ऑफ-साइड शॉट्स का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा।
इसके बाद दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने वनडे सीरीज में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और दो पारियों में कुल 238 रन बनाए। उन्होंने पहले वनडे में 66 गेंदों पर 84 रन बनाए और फिर लखनऊ में सिर्फ 110 गेंदों पर शानदार 154 रनों की पारी खेली। पारी के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव (क्रैम्प) से जूझने के बावजूद शुभमन गिल ने अपनी पारी के अंतिम चरणों में तेजी से रन बनाए और एक बार फिर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीता। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड भी मिला।
मोसादेक हुसैन (बांग्लादेश)
लगभग चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले बांग्लादेश के ऑलराउंडर मोसादेक हुसैन ने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देते हुए बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया पर 2-1 की ऐतिहासिक श्रृंखला जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे सीरीज में उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया, जिससे उनकी दमदार वापसी और भी यादगार बन गई।
नवंबर 2022 के बाद अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में मोसादेक ने पहले वनडे में नाबाद 86 रन, दो विकेट और एक शानदार रनिंग कैच लेकर अपनी वापसी का ऐलान किया। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश ने 86 रनों से जीत हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 23 मैचों में यह उनकी दूसरी और दो दशकों से भी ज्यादा समय में पहली वनडे जीत थी। तीन मैचों की सीरीज में मोसादेक 157 रन (जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे) के साथ बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने देश की सबसे यादगार वनडे जीतों में से एक में अहम भूमिका निभाई।
नाथन स्मिथ (न्यूजीलैंड)
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ के लिए जून का महीना बेहद सफल रहा। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर न्यूजीलैंड की 2-1 से ऐतिहासिक टेस्ट श्रृंखला जीत में अहम भूमिका निभाई। स्मिथ ने तीन मैचों की सीरीज में सर्वाधिक 16 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। लॉर्ड्स में पहला टेस्ट गंवाने के बावजूद उनकी शानदार गेंदबाजी पूरे दौरे में जारी रही, जिसके लिए उन्हें श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (प्लेयर ऑफ द सीरीज) चुना गया।
उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन उसी मैच में देखने को मिला, जहां उन्होंने पहली पारी में 3 विकेट लिए और फिर दूसरी पारी में 70 रन देकर 6 विकेट चटकाए। सीरीज के अहम मौकों पर नाथन स्मिथ लगातार अच्छा खेलते रहे, जबकि न्यूजीलैंड ने वापसी करते हुए आखिरी दो टेस्ट जीते और शानदार वापसी के साथ सीरीज अपने नाम की। चोट के कारण न्यूजीलैंड के कई तेज गेंदबाज उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में नाथन स्मिथ ने कमजोर पड़ चुके गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभाली और बेहतरीन प्रदर्शन किया।
श्रीचरणी (भारत)
भारतीय महिला टीम की बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचरणी को महिला टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे अधिक विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया। जून के दौरान खेले गए छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में श्रीचरणी ने 11.00 की बेहतरीन औसत और केवल 6.69 की किफायती इकॉनमी रेट से 14 विकेट झटकते हुए भारत की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन में पाकिस्तान के खिलाफ 3/21, नीदरलैंड्स के खिलाफ 4/19 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3/24 के आंकड़े शामिल थे। भारत का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया, लेकिन श्रीचरणी ने अहम भूमिका निभाई। इस स्पिनर ने भारत के सभी पांच ग्रुप-स्टेज मैचों में कम से कम दो विकेट लिए।
डैनी वायट-हॉज (इंग्लैंड)
इंग्लैंड की ओपनर डैनी वायट-हॉज के लिए टॉप ऑर्डर में यह महीना बहुत शानदार रहा। उन्होंने छह T20I मैचों में 71.75 की बेहतरीन औसत और 151.85 के स्ट्राइक रेट से कुल 287 रन बनाए। डैनी वायट-हॉज के इस महीने की सबसे बड़ी उपलब्धि टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 105 रनों की शानदार पारी थी। उनकी इस पारी से इंग्लैंड टूर्नामेंट का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर (219 रन) बनाने में सफल रहा।
कई मैच जिताऊ पारियां खेलने के बाद वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनीं। इन पारियों में वेस्टइंडीज के खिलाफ 65 रन और तत्कालीन डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 89 रन (जिससे न्यूजीलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गई) शामिल थे। वह आईसीसी के बड़े महिला टूर्नामेंट में 300 रन का आंकड़ा पार करने वाली पहली महिला भी बनीं और उन्होंने कुल 302 रन बनाए।
कैथरीन ब्राइस (स्कॉटलैंड)
स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस के लिए यह महीना बल्ले और गेंद दोनों से शानदार रहा। कैथरीन ब्राइस ने सात T20I मैचों में 25.42 के औसत और 140.15 की स्ट्राइक रेट से 178 रन बनाए। साथ ही 15.81 के औसत और 7.10 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट भी लिए।
महिला टी20 विश्व कप से पहले बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के खिलाफ घरेलू त्रिकोणीय श्रृंखला में स्कॉटलैंड को खिताब दिलाने में कप्तान कैथरीन ब्राइस की अहम भूमिका रही। उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म को विश्व कप में भी बरकरार रखा। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ 60 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई, जबकि पूरे अभियान के दौरान बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी अहम योगदान देते हुए महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनके हरफनमौला प्रदर्शन ने स्कॉटलैंड के अभियान को मजबूती प्रदान की।


