टोक्यो। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। सिंधु ने पहले दौर के मुकाबले में मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को लगातार दो गेम में 21-14, 21-11 से हराकर जीत दर्ज की। सिंधु ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले गेम में 11-6 की बढ़त बनाने के बाद उन्होंने 21-14 से गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी भारतीय स्टार ने प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा और 11-3 की मजबूत बढ़त हासिल करने के बाद 21-11 से मुकाबला जीतकर अगले दौर में जगह पक्की कर ली। मिक्स्ड डबल्स में भारत की ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन की जोड़ी को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। हालांकि, रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गाड्डे की जोड़ी को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से 11-21, 10-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। अब पुरुष युगल में भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के साथ हरिहरन अम्सकरुणन और एमआर अर्जुन अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। भारतीय बैडमिंटन प्रेमियों की नजरें अब इन मुकाबलों पर टिकी हैं।


