नई दिल्ली. पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने राज्य में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आईपीएल की तर्ज पर ‘शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह पंजाब टी-20 लीग’ शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। लीग के लिए फ्रेंचाइजी मालिकों की तलाश शुरू कर दी गई है और इस संबंध में एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जारी किया गया है। पीसीए ने देश के प्रमुख उद्योगपतियों, कॉरपोरेट घरानों और कंपनियों को लीग में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। एसोसिएशन का मानना है कि यह लीग पंजाब के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देगी और भविष्य में राज्य के अधिक खिलाड़ियों के भारतीय टीम तक पहुंचने का रास्ता आसान करेगी। पीसीए के प्रचार पोस्टर में भारतीय क्रिकेट के कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं। इनमें शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, हरप्रीत बरार और रमनदीप सिंह प्रमुख हैं।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार या अस्वीकार करने का अंतिम अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा। फ्रेंचाइजी के चयन का अंतिम निर्णय पीसीए की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन के विवेक पर होगा। लीग का पहला संस्करण 2026 में आयोजित किया जाएगा। इसमें आईपीएल की तरह फ्रेंचाइजी आधारित टीमें खेलेंगी और फ्रेंचाइजी अधिकार शुरुआती 5+5 वर्ष, यानी कुल 10 सीजन के लिए दिए जाएंगे। लीग के आयोजन में पंजाब सरकार, बीसीसीआई और पीसीए मिलकर काम करेंगे।
माझा, मालवा और दोआबा सहित पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमें बनाई जाएंगी। गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की जाएगी। लीग का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। यह पहल राज्य सरकार के ‘नशामुक्त पंजाब’ अभियान से भी जुड़ी है, जिसके तहत युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा। लीग का मुख्य आयोजन स्थल न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर होगा। इसके अलावा जालंधर और अमृतसर में भी क्रिकेट सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।


