नई दिल्ली. ब्रेडी में खेले गए तीसरे और अंतिम महिला वनडे में कप्तान स्टेफानी टेलर के लगातार दूसरे शतक की बदौलत वेस्टइंडीज ने आयरलैंड को 64 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। यह जनवरी 2025 के बाद वेस्टइंडीज महिला टीम की पहली वनडे सीरीज जीत है।पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 82 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद स्टेफानी टेलर ने जिम्मेदारी संभालते हुए 105 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके शामिल रहे। उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां कर टीम का स्कोर 257 रन तक पहुंचाया।
258 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की पूरी टीम 193 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज की ओर से स्पिनर करिश्मा रामहरैक और अफी फ्लेचर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। स्टेफानी टेलर ने इस पारी के दौरान अपने वनडे करियर का 10वां शतक लगाया। वह लगातार दो वनडे मैचों में शतक लगाने वाली वेस्टइंडीज की दूसरी महिला बल्लेबाज बन गई हैं। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने का ऐतिहासिक मुकाम भी हासिल किया।


