नई दिल्ली : इंग्लैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में गुरुवार (16 जुलाई) को भारत को चार विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। अब दोनों टीमों के बीच निर्णायक तीसरा वनडे लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। इस बीच भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि लॉर्ड्स में खेला जाने वाला यह मुकाबला उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इंग्लैंड दौरे पर रोहित का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। दूसरे वनडे में भी वह 43 गेंदों में 26 रन ही बना सके और विल जैक्स की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे।
कार्डिफ वनडे में हार के बाद भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कप्तान रोहित शर्मा के खराब फॉर्म को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज कर दिया। उनका कहना था कि रोहित किसी तरह के दबाव में नहीं हैं और बल्लेबाजी के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण बड़े रन नहीं बना सके। कोटक ने भरोसा जताया कि अनुभवी बल्लेबाज जल्द ही अपनी लय हासिल करेंगे। इसके अलावा उन्होंने विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच बातचीत बंद होने की खबरों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि ऐसी बातें सिर्फ अफवाह हैं और टीम के भीतर ऐसा कुछ भी नहीं है।
रोहित शर्मा के फॉर्म पर बैटिंग कोच का बड़ा बयान
कोटक ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा को लेकर कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि रोहित (शर्मा) जितना बड़ा खिलाड़ी कोई दबाव महसूस कर सकता है। वह इतने बेहतर खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा महसूस नहीं होगा। हां, उन्होंने रन नहीं बनाए। मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ता है। आज भी, ऐसा लग रहा था कि वह शायद अच्छी पारी खेलेंगे, लेकिन कोई बात नहीं।’
लॉर्ड्स में बदले हुए रंग में दिखेंगे रोहित शर्मा!
कोटक ने कहा, ‘मैंने बहुत क्रिकेट खेला है और मैंने बहुत क्रिकेट देखा है। किसी दिन बल्लेबाज को वह लय नहीं मिल पाती और ऐसा हो सकता है। हो सकता है कि लॉर्ड्स में आप रोहित शर्मा की बिल्कुल अलग पारी देखें। इसलिए, मैं “स्ट्रगलिंग” शब्द का इस्तेमाल नहीं करूंगा। हो सकता है कि वह जो शॉट आमतौर पर ऊपर की तरफ खेलते हैं वह डबल बाउंस की वजह से नहीं खेल रहे थे।’
रोहित जैसे खिलाड़ी से बिल्कुल अलग पारी की उम्मीद थी
भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रोहित शर्मा के प्रदर्शन का बचाव करते हुए कहा कि परिस्थितियों को देखते हुए उनके खेल को संघर्ष नहीं कहा जा सकता। कोटक ने कहा, “शुभमन गिल ने तेज शुरुआत की और विराट कोहली ने भी आक्रामक अंदाज अपनाया, लेकिन रोहित को शायद अपने पसंदीदा क्षेत्र में गेंदें नहीं मिलीं, इसलिए वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। मैं इसे संघर्ष नहीं कहूंगा, क्योंकि रोहित जैसे खिलाड़ी किसी भी समय बिल्कुल अलग तरह की पारी खेल सकते हैं। मैंने कई बल्लेबाजों के साथ ऐसा होते देखा है। यह सिर्फ रोहित की बात नहीं है, इसलिए मैं ‘संघर्ष’ शब्द का इस्तेमाल नहीं करूंगा।”
‘विराट और गौतम ने आज 10 बार बात की होगी’
विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच बातचीत बंद होने की खबरों को भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “विराट और गौतम ने आज कम से कम 10 बार बात की होगी। मुझे नहीं लगता कि दोनों के बीच किसी तरह की कोई समस्या है। बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले विराट ने कुछ तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की थी। एक बल्लेबाजी कोच के तौर पर मैं तभी दखल देता हूं, जब खिलाड़ी को किसी चीज की जरूरत महसूस हो। विराट जैसे बल्लेबाज के साथ बहुत ज्यादा कहने की जरूरत नहीं होती। नेट्स से पहले और बाद में भी हमारी बातचीत हुई। जहां तक अफवाहों की बात है, मुझे नहीं पता कि ऐसी बातें आखिर आती कहां से हैं।”


