भारत सीरीज के बाद न्यूजीलैंड के बैटिंग कोच की विदाई, 6 साल में दिलाया WTC खिताब

0

नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची इस साल के आखिर में भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद वह बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। रोंची ने 2020 में पीटर फुल्टन की जगह न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच का पद संभाला था। उनके छह साल के कार्यकाल में कीवी टीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया और कई बड़ी उपलब्धियां अपने नाम कीं।

ल्यूक रोंची के कार्यकाल में न्यूजीलैंड ने आईसीसी टूर्नामेंटों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने 2021 में भारत को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा कीवी टीम ने 2021 और 2026 टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई, जबकि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल तक भी पहुंची। इस तरह रोंची के छह साल के कार्यकाल में न्यूजीलैंड ने एक आईसीसी खिताब जीता और तीन अन्य आईसीसी टूर्नामेंटों के फाइनल भी खेले।

बैटिंग कोच की कुर्सी फिलहाल खाली, जल्द होगा ऐलान

कीवी टीम ने भारत में 3-0 से टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचा। इसके अलावा भारत में 2024 और 2026 में वनडे सीरीज जीता। 2026 में इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीती। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि वह सही समय पर रोंची के उत्तराधिकारी की घोषणा करेगा।

दो देशों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं ल्यूक रोंची

रोंची ने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए शानदार करियर के बाद बीबीएल के पहले सीजन में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए खेला था। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए चार वनडे और तीन टी20 खेले। इसके बाद वह न्यूजीलैंड चले गए, जहां वह जन्में थे। वह न्यूजीलैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में खेले। इसमें चार टेस्ट, 81 वनडे और 29 टी20 शामिल हैं।

रोंची और फ्रैंचाइजी लीग

ल्यूक रोंची के पास दुनिया भर की प्रमुख फ्रेंचाइजी लीगों में खेलने का लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने आईपीएल, पीएसएल, सीपीएल, टी20 ब्लास्ट, सुपर स्मैश, बिग बैश लीग और अफगानिस्तान प्रीमियर लीग जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह 2020 में गैरी स्टीड के नेतृत्व में न्यूजीलैंड टीम के बल्लेबाजी कोच बने। वहीं 2026 में उन्होंने पहली बार फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में उनकी कोचिंग में इस्लामाबाद यूनाइटेड की टीम एलिमिनेटर तक पहुंची, जहां उसे हैदराबाद किंग्समेन के खिलाफ आखिरी ओवर में हार का सामना करना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here