नई दिल्ली : लॉर्ड्स में तीसरे वनडे से पहले रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन ‘हिटमैन’ ने बल्ले से दमदार जवाब दिया। उन्होंने 110 गेंदों में 138 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलकर आलोचकों की बोलती बंद कर दी। रोहित की इस पारी की बदौलत भारत ने 388 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 360 रन बनाए, हालांकि टीम को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के बाद जब उनसे संन्यास और भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “जब मैंने डेब्यू किया था, तब से बातें हो रही हैं। जब तक मैं खेलता रहूंगा, तब तक बातें होती रहेंगी। अगर बातें नहीं होंगी तो मजा नहीं आएगा।” रोहित के इस बयान ने साफ कर दिया कि वह बाहरी चर्चाओं से प्रभावित होने के बजाय अपने खेल पर पूरा ध्यान दे रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई टीवी से बातचीत में रोहित शर्मा ने अपने भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर बेबाक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मेरा काम बल्लेबाजी करना है, अपने देश और टीम का प्रतिनिधित्व करना है। जब मैंने डेब्यू किया था, तभी मुझसे यही उम्मीद की गई थी और मैं आज भी वही कर रहा हूं। जब से मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा है, तब से मेरे बारे में बातें होती रही हैं और जब तक मैं खेलता रहूंगा, ये चर्चाएं चलती रहेंगी। इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मेरे लिए सबसे ज्यादा मायने यह रखता है कि मैं मैदान पर कैसा प्रदर्शन करता हूं और टीम की सफलता में कितना योगदान देता हूं। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान सिर्फ उसी पर है। बाकी बातें तो होती रहनी चाहिए, क्योंकि अगर बातें नहीं होंगी तो मजा नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर है, जबकि उनका काम मैदान के बाहर है और मैं इसे इसी नजरिए से देखता हूं।”
विराट कोहली के साथ साझेदारी पर बोले रोहित शर्मा
रोहित शर्मा का यह विराट कोहली के साथ 400 अंतरराष्ट्रीय मैच था। दोनों ने 113 रनों की साझेदारी की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विराट के साथ बल्लेबाजी करने पर रोहित ने कहा, ‘हमने अपना पूरा करियर एक साथ खेला है। क्रीज पर उनके होने से अच्छा महसूस हो रहा था। हमारे बीच बहुत साझेदारियां हुई हैं। साथ में बैटिंग करना हमेशा मजेदार होता है। हम एक-दूसरे को बहुत समझते हैं और एक दूसरे को अपने विचार साझा करते रहा अच्छा लगता है। इसलिए जब हम बैटिंग कर रहे थे तो बीच-बीच में बहुत सारी बातें हो रही थीं।’
लॉर्ड्स में रोहित का शतक, वनडे में आठवीं बार चमका बल्ला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में शानदार शतक लगाकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। यह इंग्लैंड की धरती पर उनका आठवां वनडे शतक था। इसके साथ ही वह लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। 39 वर्षीय रोहित ने सभी फॉर्मेट में भारत के लिए ओपनर के तौर पर अपना 46वां अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया और इस मामले में महान सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, रोहित की शानदार पारी के बावजूद भारत जीत हासिल नहीं कर सका। 39वें ओवर में उनके आउट होने के बाद टीम लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही और उसे 27 रन से हार का सामना करना पड़ा।


