नई दिल्ली : वेस्टइंडीज दौरे पर पांच मैचों की वनडे श्रृंखला खेल रही न्यूजीलैंड ने चौथे मुकाबले में 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। 189 रन के अपेक्षाकृत छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भी कीवी टीम को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को शुरुआती झटकों से दबाव में ला दिया और मैच को आखिरी क्षणों तक रोमांचक बनाए रखा। हालांकि, कप्तान मिचेल सैंटनर ने धैर्यपूर्ण और जिम्मेदार पारी खेलते हुए टीम को संकट से उबारा और अंतिम विकेट शेष रहते न्यूजीलैंड को यादगार जीत दिला दी।
इसी के साथ न्यूजीलैंड की टीम ने वनडे सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त भी बना ली है। इस मुकाबले की बात करें तो वेस्टइंडीज की टीम पहले खेलते हुए सिर्फ 188 रन पर ढेर हो गई थी। जवाब में न्यूजीलैंड एक समय आसानी से लक्ष्य की तरफ बढ़ती दिख रही थी। 25.1 ओवर तक न्यूजीलैंड ने 4 विकेट पर 142 रन बना लिए थे और 6 विकेट बाकी थे। 149 गेंद पर टीम को बस 47 रनों की जरूरत थी।
गुदाकेश मोती का कहर, पांच विकेट लेकर रचा इतिहास
मगर क्रिकेट हमेशा अनिश्चितताओं का खेल होता है। यहां जबतक आप विनिंग रन नहीं बनाते जीत नहीं सुनिश्चित होती है। ऐसा ही कुछ इस मैच में हुआ। 142 रन पर 4 विकेट के बाद देखते ही देखते अगली 88 गेंद में कीवी टीम का स्कोर 39.5 ओवर में हो गया 180 रन पर 9 विकेट। गुदाकेश मोती ने चार और अल्जारी जोसेफ ने एक विकेट लेकर मैच को फंसा दिया था। इस लो स्कोरिंग मैच में मोती ने 10 ओवर में 47 रन देकर पांच विकेट झटके।
मिचेल सैंटनर ने बचाई न्यूजीलैंड की लाज, दिलाई रोमांचक जीत
38 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की स्थिति बेहद नाजुक हो गई थी और हार लगभग तय नजर आ रही थी। ऐसे कठिन समय में कप्तान मिचेल सैंटनर ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद 34 रन की संयमित पारी खेलकर टीम को एक विकेट से यादगार जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की वनडे श्रृंखला पर भी कब्जा जमा लिया। इससे पहले मार्क चैपमैन ने 80 रन की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी थी। हालांकि उनके आउट होते ही कीवी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई, लेकिन अंत में सैंटनर ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पलट दिया और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।
कप्तान मिचेल सैंटनर ने इस मुकाबले में हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए पहले गेंदबाजी में दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और फिर बल्ले से नाबाद 34 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर न्यूजीलैंड को रोमांचक जीत दिलाई। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। श्रृंखला के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर 1-0 की बढ़त बनाई थी, लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड ने लगातार तीन मैच जीतकर शानदार वापसी की और पांच मैचों की वनडे श्रृंखला अपने नाम कर ली। अब दोनों टीमों के बीच श्रृंखला का पांचवां और अंतिम मुकाबला 21 जुलाई को बारबाडोस में खेला जाएगा।


