मुंबई। दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट ज़ोन टीम की घोषणा कर दी गई है। महाराष्ट्र के बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि मुंबई के स्पिन ऑलराउंडर शम्स मुलानी उपकप्तान होंगे। 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होने वाली इस छह टीमों की प्रतियोगिता में वेस्ट ज़ोन की टीम में मुंबई के छह खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें अनुभवी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर, बल्लेबाज सरफराज खान, मुशीर खान, तुषार देशपांडे, तनुष कोटियान और शम्स मुलानी शामिल हैं।
टीम में सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की भी वापसी हुई है। उन्होंने 2025-26 रणजी ट्रॉफी में महाराष्ट्र की ओर से 11 पारियों में 537 रन बनाए थे, जिसमें चंडीगढ़ के खिलाफ 222 रन की शानदार पारी भी शामिल थी। वहीं, 19 वर्षीय बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग और कलाई की चोट से उबर रहे हैं, इसलिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है। फिलहाल वह बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं। चयनकर्ताओं ने सौराष्ट्र के हार्विक देसाई को मुख्य विकेटकीपर बनाया है, जबकि गुजरात के उर्विल पटेल बैकअप विकेटकीपर होंगे। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी शम्स मुलानी, तनुष कोटियान और गुजरात के सिद्धार्थ देसाई संभालेंगे। जानकारी के अनुसार, ऋतुराज गायकवाड़ इस टूर्नामेंट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करेंगे। हाल ही में वह भारत-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर वनडे त्रिकोणीय और चार दिवसीय सीरीज जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे।


