मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया ने अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 13 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। कप्तान पैट कमिंस, तेज गेंदबाज जोश हैजलवुड और अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की टीम में वापसी हुई है। तीनों खिलाड़ी चोट के कारण हालिया एशेज सीरीज के अधिकांश मुकाबलों से बाहर रहे थे। कमिंस पीठ की चोट से उबरने के बाद एशेज में सिर्फ एक टेस्ट खेल पाए थे, जबकि हैजलवुड एड़ी और हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते पूरी सीरीज से बाहर रहे। वहीं, लियोन हैमस्ट्रिंग सर्जरी के बाद फिट होकर टीम में लौटे हैं।
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट 13 से 17 अगस्त तक डार्विन में और दूसरा टेस्ट 22 से 26 अगस्त तक मैके में खेला जाएगा। फिलहाल ऑस्ट्रेलियाई टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका में आठ मैचों में सात जीत के साथ 87.50 प्रतिशत अंक लेकर शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। चयनकर्ताओं ने बताया कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त खिलाड़ियों को भी टीम से जोड़ा जा सकता है।
सीनियर गेंदबाजों की वापसी के साथ माइकल नेसर और ब्रेंडन डॉगेट को टीम से बाहर कर दिया गया है। हालांकि शीर्ष क्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उस्मान ख्वाजा के संन्यास के बाद भी ट्रैविस हेड ओपनिंग करेंगे, जबकि जेक वेदराल्ड को एक और मौका मिला है। खराब फॉर्म के बावजूद मार्नस लाबुशेन टीम में बने हुए हैं। तेज गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड भी शामिल हैं, जबकि कैमरून ग्रीन, ब्यू वेबस्टर और विकेटकीपर जोश इंग्लिस भी टीम का हिस्सा हैं।


