नई दिल्ली : भारत-इंग्लैंड वनडे श्रृंखला के समाप्त होने के बाद आईसीसी ने वनडे बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा कायम है। शुभमन गिल, विराट कोहली और रोहित शर्मा अपनी-अपनी रैंकिंग बरकरार रखने में सफल रहे हैं। शुभमन गिल दूसरे स्थान पर बने हुए हैं और अब वह शीर्ष स्थान पर काबिज डेरिल मिचेल के बेहद करीब पहुंच गए हैं। गिल के खाते में 801 रेटिंग अंक हैं, जबकि न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 802 रेटिंग अंकों के साथ पहले नंबर पर हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच सिर्फ एक अंक का अंतर रह गया है।
वनडे रैंकिंग में गिल-रोहित-कोहली का जलवा बरकरार
ताजा वनडे बैल्लेबाजों की रैंकिंग में विराट कोहली तीसरे स्थान पर बने हुए हैं जिनके अब 767 रेटिंग अंक हो गए हैं तो वहीं इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 138 रन की पारी खेलने वाले रोहित शर्मा भी ताजा रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं और उनके रेटिंग अंक अब 758 हो गए हैं। ताजा रैंकिंग में पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम को एक स्थान का फायदा हुआ है और वो 689 रेटिंग अंक के साथ अब छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाले जो रूट को आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के बाद रूट चार स्थान की छलांग लगाकर अब टॉप-10 में शामिल हो गए हैं और 674 रेटिंग अंकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, आयरलैंड के बल्लेबाज हैरी टेक्टर को भी एक स्थान का फायदा मिला है और वह सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने भी रैंकिंग में सुधार किया है। उन्हें दो स्थान का फायदा हुआ और वह 633 रेटिंग अंकों के साथ 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं।


