ग्वालियर बनेगा महिला हॉकी का राष्ट्रीय केंद्र: 24 जुलाई से शुरू होंगी हॉकी इंडिया की दो बड़ी अकादमी चैंपियनशिप

0

10 दिनों तक देश की 28 टीमें दिखाएंगी दम, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग की उभरती खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर करेंगी प्रतिभा का प्रदर्शन

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश एक बार फिर राष्ट्रीय महिला हॉकी की मेजबानी के लिए तैयार है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन एवं हॉकी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में ग्वालियर स्थित मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी में चौथी हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप 2026 तथा चौथी हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जाएगा। देशभर की प्रतिभाशाली महिला हॉकी खिलाड़ियों को एक ही मंच पर प्रतिस्पर्धा का अवसर देने वाली यह प्रतियोगिता भारतीय महिला हॉकी के भविष्य को नई दिशा देने वाली साबित होगी।

24 जुलाई से जूनियर चैंपियनशिप का आगाज़

24 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली चौथी हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप (जोन A एवं B) में देश की 12 प्रतिष्ठित हॉकी अकादमियां हिस्सा लेंगी। मेजबान मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी सहित पंजाब, हरियाणा, गुजरात, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों की प्रमुख अकादमियां राष्ट्रीय खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

26 जुलाई से सब-जूनियर वर्ग में 16 अकादमियों की चुनौती

इसके बाद 26 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक चौथी हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप (जोन A एवं B) आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में देशभर की 16 अग्रणी हॉकी अकादमियां भाग लेंगी। प्रतियोगिता युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने और भविष्य की भारतीय टीम के लिए मजबूत दावेदारी प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी।

28 टीमों के बीच होगा राष्ट्रीय खिताब का रोमांचक मुकाबला

दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 28 अकादमी टीमें हिस्सा लेंगी। मैचों का आयोजन हॉकी इंडिया के निर्धारित लीग एवं नॉकआउट प्रारूप के अनुसार किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान देशभर से चयनकर्ता, प्रशिक्षक एवं तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच मिलेगा।

राष्ट्रीय आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी

खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं। हॉकी इंडिया के अधिकारियों, तकनीकी प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागी टीमों के लिए आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा सुविधा, तकनीकी संचालन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके।

महिला हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

मध्यप्रदेश शासन सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं अतिथियों का ग्वालियर में हार्दिक स्वागत करता है। यह राष्ट्रीय आयोजन न केवल महिला हॉकी को नई ऊर्जा प्रदान करेगा, बल्कि उभरती खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सशक्त अवसर भी उपलब्ध कराएगा। साथ ही, यह आयोजन मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी खेल राज्यों के रूप में और अधिक मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here