विश्व कप में मध्यप्रदेश का गौरव, भारतीय हॉकी टीम में विवेक सागर प्रसाद का चयन

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है कि मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के एसोसिएट खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद का चयन एफआईएच हॉकी विश्व कप बेल्जियम एवं नीदरलैंड-2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम में हुआ है। विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में होगा। विवेक का चयन उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ मध्यप्रदेश की खेल अकादमियों में उपलब्ध उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था की सफलता का भी प्रमाण माना जा रहा है। उनके चयन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।

भारतीय टीम की कप्तानी अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह करेंगे, जबकि टीम में अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह सहित युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन रखा गया है। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने विश्वास जताया है कि यह टीम विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय हॉकी के इतिहास में नया अध्याय लिख सकती है। भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी, इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला खेलेगी।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने विवेक सागर प्रसाद के चयन को मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। विभाग के अनुसार राज्य की खेल अकादमियां लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही हैं, जिसका परिणाम विभिन्न भारतीय टीमों में प्रदेश के खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी के रूप में दिखाई दे रहा है। विवेक का विश्व कप टीम में चयन मध्यप्रदेश की खेल संस्कृति और प्रतिभा विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here