कोलंबो। रोहित यादव की घातक लेग स्पिन और बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत अंडर-19 ने दूसरे यूथ टेस्ट में श्रीलंका अंडर-19 को 211 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहली पारी में 411 रन और दूसरी पारी 208/3 पर घोषित की। जवाब में श्रीलंका की टीम 148 और 260 रन पर सिमट गई। भारत की जीत की नींव पहली पारी में मनल चौहान (150) और कुशाग्र ओझा (111) के शानदार शतकों ने रखी, जबकि दूसरी पारी में लक्ष्य रायचंदानी ने नाबाद 100 रन बनाए। गेंदबाजी में रोहित यादव ने दूसरी पारी में 4 विकेट लेकर मैच में कुल 6 विकेट हासिल किए। तेज गेंदबाज चिगुरपति वेंकटा ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए मैच में पांच विकेट चटकाए। श्रीलंका की ओर से विमत दिनसारा (64) और वेकुनागोडा (64) ने संघर्ष किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टीम जीत से काफी दूर रह गई।


