चांगझोउ। जापान ओपन सुपर-750 का खिताब जीतने के बाद भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु का चीन ओपन सुपर-1000 में सफर प्री-क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। गुरुवार को विश्व नंबर-4 और मेजबान चीन की चेन युफेई ने उन्हें 16-21, 22-20, 21-18 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। एक घंटे 29 मिनट तक चले मुकाबले में सिंधु ने पहला गेम 21-16 से जीतकर शानदार शुरुआत की। दूसरे गेम में भी वह जीत के बेहद करीब थीं और उनके पास मैच खत्म करने के चार मैच प्वाइंट थे, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सकीं। इसका फायदा उठाते हुए चेन युफेई ने लगातार अंक जुटाए और दूसरा गेम 22-20 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि अहम मौकों पर चेन युफेई ने बेहतर संयम और सटीक खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा गेम 21-18 से अपने नाम कर लिया और सिंधु का अभियान समाप्त कर दिया।


