2027 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल द ओवल में, लॉर्ड्स में नहीं होगा मुकाबला

0

लंदन। आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 का फाइनल इंग्लैंड के प्रतिष्ठित द ओवल मैदान पर खेला जाएगा। पिछले तीनों फाइनल इंग्लैंड में आयोजित हुए हैं, लेकिन इस बार लॉर्ड्स के बजाय द ओवल को मेजबानी मिली है। इसका मुख्य कारण लॉर्ड्स की पिचों की गुणवत्ता में सुधार के लिए मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) द्वारा प्रस्तावित कार्य है। हाल ही में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टेस्ट मैच की पिच को आईसीसी ने असंतोषजनक करार देते हुए पहला डिमेरिट अंक दिया था। इसके बाद एमसीसी ने पिचों के पुनर्निर्माण और सुधार की योजना बनाई है। इसी वजह से जून 2027 में होने वाला डब्ल्यूटीसी फाइनल द ओवल में आयोजित किया जाएगा।

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने यह भी स्पष्ट किया कि डब्ल्यूटीसी फाइनल और एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के बीच कम समय होने तथा घरेलू कार्यक्रम के संतुलन को देखते हुए यह फैसला लिया गया। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के पहले तीन फाइनल भी इंग्लैंड में ही हुए हैं। 2021 में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब जीता, 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया और 2025 में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। आईसीसी के महाप्रबंधक (इवेंट्स एवं ऑपरेशंस) गौरव सक्सेना ने कहा कि 2027 का फाइनल विशेष महत्व रखेगा, क्योंकि उसी वर्ष टेस्ट क्रिकेट के 150 वर्ष पूरे होंगे। इसे यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here