क्या एशियाई खेल 2026 में होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला? जानिए पूरा समीकरण

0

नई दिल्ली : एशियाई खेल 2026 में क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर रहने वाला है। महिला और पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम घोषित हो चुका है। पुरुष वर्ग में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को अपनी उच्च रैंकिंग के आधार पर सीधे नॉकआउट चरण में प्रवेश मिला है, जबकि अफगानिस्तान, हांगकांग चीन, जापान, मलेशिया, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात की टीमें पहले दौर में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला कब और किस चरण में हो सकता है। दोनों टीमें अलग-अलग नॉकआउट मुकाबले जीतकर आगे बढ़ती हैं, तो उनके बीच सेमीफाइनल या फाइनल में हाई-वोल्टेज टक्कर देखने को मिल सकती है, जिसका क्रिकेट प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार रहेगा।

तीन-तीन टीमें दो ग्रुप में बांटी जाएंगी। हर ग्रुप की टॉप 2 टीमें दूसरे राउंड में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश से भिड़ेंगी। वहीं महिला क्रिकेट की शुरुआत 8 टीमों के बीच सीधे क्वार्टरफाइनल से होगी। 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक ऐची-नगोया में एशियाई खेलों की क्रिकेट की प्रतियोगिताएं होंगी। पुरुष प्रतियोगिता में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं और महिलाओं में 8 टीमें शामिल हैं। महिला और पुरुष दोनों क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला होने की संभावना है।

पुरुष क्रिकेट में कब और कैसे होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला?

पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमों को सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है। पहले दौर के मुकाबलों के बाद अफगानिस्तान, हांगकांग चीन, जापान, मलेशिया, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात में से चार टीमें अंतिम आठ में प्रवेश करेंगी। हालांकि, क्वार्टरफाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत संभव नहीं है, क्योंकि दोनों टीमों को ड्रॉ के अलग-अलग हिस्सों में रखा गया है। भारत और बांग्लादेश एक हाफ में हैं, जबकि पाकिस्तान और श्रीलंका दूसरे हाफ में शामिल हैं।

ऐसे में यदि भारत और पाकिस्तान अपने-अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबले जीतते हैं, तो दोनों के बीच मुकाबला केवल फाइनल में ही संभव हो सकेगा। अब अगर भारत और पाकिस्तान अपना क्वार्टरफाइनल मैच जीते और फिर सेमीफाइनल में भी दोनों टीमों ने अपना मुकाबला जीता। इस कंडीशन में ही भारत और पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीमों के बीच मुकाबला संभव है। यह मुकाबला एशियन गेम्स 2026 के गोल्ड मेडल मैच में ही हो सकता है। फाइनल मुकाबला 3 अक्टूबर को होगा और गोल्ड मेडल मैच में ही भारत-पाकिस्तान महामुकाबले की संभावना है।

महिला क्रिकेट में कब और कैसे होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला?

महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी और इसकी शुरुआत सीधे क्वार्टरफाइनल मुकाबलों से होगी। क्वार्टरफाइनल में भारत का सामना जापान से, जबकि पाकिस्तान की भिड़ंत थाईलैंड से होगी। यदि दोनों टीमें अपने-अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबले जीतती हैं, तो सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला मलेशिया या श्रीलंका में से किसी एक से होगा, जबकि पाकिस्तान का सामना चीन या बांग्लादेश में से किसी एक टीम से होगा। ऐसे में यदि भारत और पाकिस्तान दोनों सेमीफाइनल भी जीतने में सफल रहते हैं, तो दोनों के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 22 सितंबर को होने वाले स्वर्ण पदक मुकाबले में ही संभव हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here