मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता से सशक्त होंगी महिला खिलाड़ी: टीटी नगर स्टेडियम में हुआ विशेष सत्र

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। महिला खिलाड़ियों के समग्र स्वास्थ्य और बेहतर खेल प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा शुक्रवार को टीटी नगर स्टेडियम में ‘मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों में मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी देना, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों को दूर करना रहा। सत्र में विशेषज्ञों ने मासिक धर्म को एक सामान्य जैविक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि उचित स्वच्छता, संतुलित पोषण और सही स्वास्थ्य प्रबंधन के माध्यम से खिलाड़ी अपने प्रदर्शन को प्रभावित होने से बचा सकती हैं। इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म प्रबंधन, किशोर स्वास्थ्य, मानसिक आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। खिलाड़ियों को अपनी जिज्ञासाएं विशेषज्ञों से सीधे पूछने का अवसर भी मिला।

कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक अनुश्री आचार्य और श्वेता सोनी ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में मार्गदर्शन देते हुए कहा कि उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों से सामाजिक मिथकों से ऊपर उठकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने कहा कि खिलाड़ियों के खेल कौशल के साथ उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here