हांगझोऊ (चीन)। भारतीय निशानेबाज सैन्यम ने चीन के हांगझोऊ में आयोजित आईएसएसएफ राइफल/पिस्टल/शॉटगन विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का रजत पदक जीत लिया। इसके साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में भारत का पदक खाता भी खोल दिया।22 वर्षीय सैन्यम ने फाइनल में 243.4 अंक हासिल कर दुनिया की शीर्ष निशानेबाजों के बीच दूसरा स्थान प्राप्त किया। इससे पहले उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 579 अंक बनाकर फाइनल में जगह बनाई थी। यह उनके करियर का दूसरा आईएसएसएफ विश्व कप रजत पदक है।राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने सैन्यम की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन समर्पण, तकनीकी दक्षता और दबाव में शानदार संयम का उदाहरण है। वहीं महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि जूनियर स्तर से सीनियर विश्व कप तक सैन्यम की निरंतर प्रगति युवा निशानेबाजों के लिए प्रेरणादायक है। सैन्यम हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल-2 में 243.1 अंक के साथ शीर्ष पर रही थीं। इससे पहले उन्होंने दोहा में आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में भी रजत पदक जीता था। वर्ष 2023 में उन्होंने सुहल जूनियर विश्व कप और चांगवोन जूनियर विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। प्रतियोगिता में भारत की सुरुचि इंदर सिंह भी फाइनल में पहुंचीं और सातवें स्थान पर रहीं। मनु भाकर ने आरपीओ (Ranking Points Only) श्रेणी में 582 अंक के साथ भारतीय खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ क्वालिफिकेशन स्कोर बनाया, जबकि ईशा सिंह 577 अंकों के साथ 13वें स्थान पर रहीं।


