नई दिल्ली : पाकिस्तान को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले बड़ा झटका लगा है। युवा बल्लेबाज अब्दुल्ला फजल चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। फजल ने इसी साल मई में बांग्लादेश के खिलाफ अपने टेस्ट पदार्पण में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों पारियों में अर्धशतक जड़कर सभी का ध्यान खींचा था। उनकी अनुपस्थिति में अनुभवी बल्लेबाज और पाकिस्तान के पूर्व उप-कप्तान सऊद शकील की टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
शकील को न केवल वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट, बल्कि इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर होने वाली तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए भी टीम में शामिल किए जाने की संभावना है। अब्दुल्ला फजल शनिवार (25 जुलाई) से तारौबा में वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए थे। इस हफ्ते की शुरुआत में वेस्टइंडीज सिलेक्ट XI के खिलाफ पाकिस्तान के अभ्यास मैच में वह दोनों पारियों में नाबाद रहे। उन्होंने 50 और 48 रन बनाए। पहले टेस्ट के लिए उनका खेलना पक्का था।
फिटनेस और खराब फॉर्म के कारण बाहर हुए थे सऊद शकील
फजल की पीठ के निचले हिस्से में चोट लगी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा कि फजल को चोट से उबरने के लिए कुछ समय की जरूरत पड़ेगी। पूर्व उप-कप्तान शकील को उनकी फिटनेस और फॉर्म को देखते हुए वेस्टइंडीज के दौरे के लिए टीम में नहीं चुना गया था। शकील ने अभी तक 23 टेस्ट मैचों में 43 के औसत से 1802 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं।
पाकिस्तान की टेस्ट टीम
बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम उल हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद अवैस जफर, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद, उबैद शाह।
वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम
रोस्टन चेस (कप्तान), जोमेल वारिकन (उप-कप्तान), जोशुआ बिशप, टेगेनरायण चंद्रपॉल, जोशुआ डा सिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स, कावेम हॉज, शाई होप, आमिर जांगू, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, किर्क मैकेंजी, कीमो पॉल, केमर रोच, जायडन सील्स।


