कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का पदकों का खाता खुला, झंडू कुमार ने जीता कांस्य

0

पैरा पावरलिफ्टिंग में 190 किग्रा वजन उठाकर दिलाया पहला पदक, बॉक्सिंग में जादुमणि सिंह प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का पदकों का खाता पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने खोल दिया। बिहार के नालंदा निवासी झंडू ने पुरुष हेवीवेट वर्ग में 190 किलोग्राम की सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट के साथ कांस्य पदक जीतकर देश को प्रतियोगिता का पहला मेडल दिलाया। उन्होंने कुल 130.9 अंक हासिल किए। स्वर्ण पदक नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस और रजत इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने जीता।

पोलियो से प्रभावित झंडू कुमार का संघर्ष प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने परिवार की मदद के लिए सब्जियां बेचीं, ई-रिक्शा चलाया और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए अपना ई-रिक्शा तक बेच दिया था। उनकी प्रतिभा को पहचान मिलने के बाद उन्हें भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में प्रशिक्षण मिला और अब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

दूसरी ओर, बॉक्सिंग में भारत के जादुमणि सिंह ने पुरुष 55 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में स्कॉटलैंड के आरोन कुलेन को 5-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। हालांकि पैरा पावरलिफ्टिंग में सुधीर छठे स्थान पर रहे, जबकि महिला वर्ग में कस्तूरी राजामणि कोई सफल लिफ्ट दर्ज नहीं कर सकीं। भारत के खिलाड़ी अब प्रतियोगिता के तीसरे दिन बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक्स, लॉन बॉल्स और अन्य स्पर्धाओं में पदकों की चुनौती पेश करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here