क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार बने डीएसपी, बिहार के 19 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी

0

पटना. बिहार सरकार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए 19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) तथा एथलेटिक्स खिलाड़ी पीयूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एएसआई) पद पर नियुक्ति दी गई। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद आकाश दीप और मुकेश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

समारोह में एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। वहीं कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली मरियम फातिमा को नौ लाख रुपये और एथलीट विभास्कर कुमार को दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। पांच पैरा खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेलों के अन्य खिलाड़ियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 15 सितंबर के बाद राज्य की सभी पंचायतों में छह माह तक खेल प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी आईपीएल ऑक्शन में बिहार की टीम भी शामिल होगी। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि राज्य सरकार अब तक 180 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देकर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here