एनएसटी न्यूज, भोपाल। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 18 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय मास्टर्स क्लासिक एवं इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 में मध्यप्रदेश के पावरलिफ्टर अभिशेष सिंह बघेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों के 607 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया। अभिशेष सिंह बघेल ने मास्टर्स-1 के 83 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 595 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने स्क्वाट में 207.5 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 130 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 257.5 किलोग्राम वजन उठाकर अपनी शानदार क्षमता का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर अभिशेष ने मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया। उनके प्रदर्शन की खेल जगत में सराहना की जा रही है। अपनी सफलता पर अभिशेष सिंह बघेल ने इसका श्रेय अपने परिवार, प्रशिक्षकों, टीम और सभी शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी तथा वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अभ्यास जारी रखते हुए देश और प्रदेश के लिए और अधिक पदक जीतने का प्रयास करेंगे।


