युवा हॉकी5s एशिया कप : मध्यप्रदेश की नौशीन नाज़ बनीं सबसे बड़ी स्टार,भारत ने जीता रजत पदक

0

17 गोल के साथ टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर, भारत को दिलाया विश्व कप का टिकट

NST NEW, भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की बेटी नौशीन नाज़ ने यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे एशिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। मस्कट (ओमान) में 20 से 25 जुलाई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने शानदार अभियान के साथ रजत पदक अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में नौशीन नाज़ ने 17 गोल दागकर ‘बेस्ट स्कोरर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम ने इस शानदार प्रदर्शन के साथ एफआईएच के उद्घाटन यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए भी सफलतापूर्वक क्वालिफाई कर लिया। भारतीय टीम का हिस्सा रहीं मध्यप्रदेश की गोलकीपर महक परिहार ने भी पूरे अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

17 गोल के साथ बनीं टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल स्कोरर

पूरे टूर्नामेंट में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की प्रतिभाशाली फॉरवर्ड नौशीन नाज़ भारतीय आक्रमण की सबसे मजबूत कड़ी बनकर उभरीं। उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 17 गोल दागे और पूरे टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी (Top Scorer of the Tournament) बनने का गौरव हासिल किया। उनकी आक्रामक शैली, गति और सटीक फिनिशिंग ने भारतीय टीम को फाइनल तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।

महक परिहार ने गोलपोस्ट पर दिखाई मजबूती

मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की गोलकीपर महक परिहार ने भी पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में बेहतरीन बचाव करते हुए भारतीय टीम के अभियान को मजबूती प्रदान की और फाइनल तक पहुंचने में अहम योगदान दिया।

विश्व मंच पर अब नई चुनौती

20 से 25 जुलाई 2026 तक मस्कट (ओमान) में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत सहित चीन, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, ईरान, उज़्बेकिस्तान और मेज़बान ओमान की टीमें शामिल हुईं। उपविजेता रहने के बावजूद भारतीय टीम ने अपने प्रदर्शन से यह साबित किया कि वह एशिया की मजबूत टीमों में शामिल है। अब टीम का लक्ष्य उद्घाटन FIH Youth Hockey5s World Cup में दमदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करना होगा।  महिला युवा हॉकी5s एशिया कप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ने रजत पदक जीतने के साथ उद्घाटन FIH Youth Hockey5s World Cup के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दी बधाई, कहा- मध्यप्रदेश की बेटियों ने बढ़ाया देश का मान

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप-2026 में भारतीय महिला टीम के रजत पदक जीतने और उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की खिलाड़ियों नौशीन नाज़ और महक परिहार की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की बेटियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। नौशीन नाज़ का पूरे टूर्नामेंट में 17 गोल कर शीर्ष स्कोरर बनना और महक परिहार का दमदार प्रदर्शन प्रदेश की खेल अकादमियों में तैयार हो रही विश्वस्तरीय प्रतिभाओं का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय टीम आगामी एफआईएच यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप में भी इसी जज्बे के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश को नई सफलता दिलाएगी।

मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण

खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के लिए यह उपलब्धि विशेष गर्व का विषय है कि राज्य महिला हॉकी अकादमी की दो खिलाड़ी नौशीन नाज़ और महक परिहार ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष रूप से नौशीन नाज़ का टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर बनना मध्यप्रदेश की सशक्त खेल प्रशिक्षण व्यवस्था और उभरती प्रतिभाओं का प्रमाण है।

मध्यप्रदेश की अकादमियों का फिर दिखा दम

भारतीय टीम में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की दो खिलाड़ियों नौशीन नाज़ और महक परिहार की मौजूदगी प्रदेश की खेल अकादमियों की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की निरंतर प्रगति का प्रमाण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here