ग्लासगो. कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिला जिम्नास्टिक स्पर्धा में भारत की युवा जिम्नास्ट प्रतिष्ठा सामंत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वॉल्ट स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली। 22 वर्षीय प्रतिष्ठा ने क्वालिफिकेशन राउंड में 13.025 अंक हासिल कर पांचवें स्थान पर रहते हुए शीर्ष-8 खिलाड़ियों में स्थान बनाया। पश्चिम बंगाल की रहने वाली प्रतिष्ठा अब वॉल्ट फाइनल में भारत के लिए पदक की चुनौती पेश करेंगी। उनके प्रदर्शन से भारतीय दल को जिम्नास्टिक में पदक की उम्मीदें बढ़ गई हैं। वहीं, अनुभवी भारतीय जिम्नास्ट प्रणति नायक फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 12.555 अंक अर्जित किए और 11वें स्थान पर रहीं।
वह तीसरी रिजर्व खिलाड़ी के रूप में समाप्त हुईं। भारत की अन्य जिम्नास्ट ईशिता रेवाले 11.725 अंक के साथ 15वें और निष्का अग्रवाल 11.075 अंक के साथ 19वें स्थान पर रहीं। ऑल-अराउंड स्पर्धा में भी भारतीय खिलाड़ियों को सफलता नहीं मिली। प्रतिष्ठा सामंत ने कुल 42.250 अंक के साथ 27वां स्थान हासिल किया, जबकि ईशिता रेवाले 41.700 अंकों के साथ 28वें स्थान पर रहीं। दोनों खिलाड़ी इस स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं। टीम इवेंट में भारतीय महिला टीम 123 अंकों के साथ नौवें स्थान पर रही। इस स्पर्धा में ऑस्ट्रेलिया ने 158.400 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा ने 157.300 अंकों के साथ रजत और इंग्लैंड ने 154.300 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।


