गोवा. डिफेंडिंग चैंपियन यू मुंबा टीटी ने बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 के दूसरे सेमीफाइनल में एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स को 8-3 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश कर लिया। गोवा में खेले गए मुकाबले में कप्तान मनुष शाह और अन्ना हर्सी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच की शुरुआत मिक्स्ड डबल्स से हुई, जहां मनुष शाह और अन्ना हर्सी की जोड़ी ने अंकुर भट्टाचार्जी और आयहिका मुखर्जी को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराया। इस जीत से यू मुंबा ने शुरुआती बढ़त हासिल कर ली।

इसके बाद मनुष शाह ने पुरुष एकल मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंकुर भट्टाचार्जी को 2-0 से हराकर टीम की फाइनल की राह आसान कर दी। उनके प्रदर्शन ने यू मुंबा की जीत पर मुहर लगा दी। अन्ना हर्सी पूरे मुकाबले की सबसे सफल खिलाड़ियों में रहीं। उन्होंने महिला एकल और मिक्स्ड डबल्स मिलाकर खेले गए छह गेम में से पांच में जीत दर्ज की। वहीं, मनुष शाह ने अपने दोनों मुकाबलों में खेले गए सभी पांच गेम जीतकर शानदार लय का प्रदर्शन किया।
इस जीत के साथ यू मुंबा टीटी ने लगातार दूसरे सीजन के फाइनल में जगह बना ली है। अब रविवार को खिताबी मुकाबले में उसका सामना डेम्पो गोवा चैलेंजर्स से होगा। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा। यू मुंबा की नजर लगातार दूसरा यूटीटी खिताब जीतने पर होगी, जबकि डेम्पो गोवा चैलेंजर्स पहली बार चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी।


